चंदौली : पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के पूर्व सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद बुधवार को डाक बंगला में पहली बार पत्र प्रतिनिधियों से वार्ता की। कहा कि लोकसभा के 452911 मतदाताओं का हार्दिक आभार है, जिन्होंने मुझे अपना बहुमूल्य वोट दिया। चुनाव में क्या कुछ कमी रह गई। पार्टी इसकी समीक्षा करेगी। जो भी कमियां होंगी उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
कहा कि जो विकास के कार्य शुरू कराए गए हैं, वे पूरे होंगे। जिन बड़े कार्यों का शिलान्यास कराया गया है, उन्हें भी पूर्ण कराया जाएगा। जिले के लिए और भी कई बड़ी परियोजनाएं हैं, जिनकी स्वीकृति का प्रयास किया जाएगा। कहा कि चुनाव जरूर हारा हूं, लेकिन मन से नहीं हारा। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार कायम है। जिले के मंत्री व विधायकों के सहयोग से सभी काम पूरे कराए जाएंगे। पत्थरों पर भले ही मेरा नाम न दिखे, लेकिन जनता के दिलों में नाम हमेशा रहेगा। कहा कि मेडिकल कालेज में इसी सत्र से प्रवेश शुरू हो जाएगा। जिस दिन इसका उद्घाटन होगा, उसी दिन इसके नाम को लेकर राजनीति भी समाप्त हो जाएगी। डाक बंगले को मिनी सर्किट हाउस बनवाने का भी प्रयास किया जाएगा। चंदौली के फुलवरिया में राजकीय कन्या इंटर कालेज का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। कहा कि चंदौली में बनने वाले ट्रामा सेंटर का लोकार्पण केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से कराने का प्रयास करूंगा।चंदौली में पदाधिकारियों व बड़े नेताओं के बूथों पर मिली हार के सवाल पर कहा कि यह बहुत ही गंभीर विषय है। पार्टी इसकी समीक्षा कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, राणा प्रताप सिंह, अभिमन्यु सिंह, किरन शर्मा, शिवराज सिंह, प्रमोद तिवारी, जितेन्द्र पाण्डेय, हरिवंश उपाध्याय आदि उपस्थित थे।



