बरहनी। निषाद पार्टी संवैधानिक अधिकार रथ यात्रा अरंगी में लोगों को संबोधित करते हुए मत्स्य विकास मंत्री डा. संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश में मछुआ समाज की बेटियों की शादी के लिए 51 हजार और बच्चों की पढ़ाई के लिए शुल्क प्रतिपूर्ति के रूप में अधिकतम 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। यह सहयोग उन्हें उप्र. मत्स्य पालक कल्याण कोष से होगा। उप्र मत्स्य पालक कल्याण कोष मछुआरों के विकास व सहायता के लिए प्रदेश सरकार ने स्थापित किया है। कोष से सहायता के लिए आवेदन ऑनलाइन होंगे। आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद पात्रों का चयन किया जाएगा। उन्होंने पोर्टल पर आवेदन के संबंध में पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने व सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।बच्चों की पढ़ाई के लिए भी 50 हजार की मदद। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि भगवान राम ने जब वनवास लिया था तो सबसे पहले समुन्द्र पार करने के लिए निषाद राज के दर्शन हुआ था। इसलिए अब हम लोगों को भी निषाद राज के सहारे ही नौका पार लगेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अरविंद निषाद, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, संजय सिंह गुड्डू अरूण सिंह, अजीत सिंह, शिवकुमारी निषाद, उपेन्द्र सिंह, इंन्द्रजीत बिंद, अजय सिंह दादा, राम राज बिंद, पंकज बिंद, बालेश्वर आदि मौजूद रहे।



